इटारसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इटारसी ने खेलो भारत गतिविधि के माध्यम से एक दिवसीय बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट ‘लक्ष्य’ का आयोजन सिटी स्पोट्र्स क्लब मैदान में किया। इस प्रतियोगिता में बैतूल, मुलताई, नर्मदापुरम एवं इटारसी सहित कुल 9 टीमों ने सहभागिता की जिसमें एलकेजी इटारसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। नर्मदापुरम् की टीम उपविजेता रही।
सुबह 9 बजे से चल रहे इस रोमांचक टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शाम 8 बजे हुआ जहां मुख्य अतिथि सांसद दर्शन चौधरी, इटारसी विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी कु.निधि तिवारी ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि से सम्मानित किया। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को प्रमाण पत्र प्रदान किए। सांसद दर्शन चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थी जीवन का अभिन्न अंग है जो मानसिक और शारीरिक विकास को मजबूती देता है। श्री चौधरी ने अपने कॉलेज समय में विद्यार्थी परिषद में काम करने का अनुभव भी साझा किया।

विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद ऐसे कार्यक्रमों से देश के लिए नए खिलाडिय़ों को तैयार कर रही है, जो हमारे देश के गौरव को बढ़ाएंगे खेल ही हमें टीम भावना और एक दूसरे पर विश्वास करना सिखाते हैं। नगर मंत्री कुणाल सराठे ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का सदैव यह प्रयास रहा है कि विद्यार्थी केवल पठन-पाठन तक सीमित न रहकर सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री अर्पित दुबे, जिला संयोजक मृदुल नाथ चौहान, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य साक्षी कोरी सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं नगर के खेल प्रेमी उपस्थित रहे।









