इटारसी। न्यास कॉलोनी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज जयदीप भाट हत्याकांड के सभी चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की सक्रियता के चलते वारदात के महज एक घंटे के भीतर ही आरोपी गिरफ्त में आ गए थे, जिनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने की बात पर हुई थी हत्या
15 मार्च को झुग्गी-झोपड़ी न्यास कॉलोनी निवासी जसवंत भाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भांजे जयदीप भाट उर्फ बंटा (19 वर्ष) पर चार युवकों ने चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि विवाद की शुरुआत ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने जैसी सामान्य सी बात को लेकर हुई थी। मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि आरोपियों ने धारदार चाकू से हमला कर जयदीप की हत्या कर दी।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के निर्देशन एवं एसडीओपी इटारसी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और वारदात में शामिल मनोज राजपूत (22 वर्ष), अंशु भाट (19 वर्ष), संदेश भाट (18 वर्ष 4 माह) और नमन भाट (18 वर्ष 2 माह) को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
चाकू बरामद, आरोपी पहुंचे जेल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का खटकेदार चाकू जब्त कर साक्ष्य एकत्र किए। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। इस त्वरित सफलता को सुनिश्चित करने में निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला, उपनिरीक्षक प्रवीण यादव, केएन रजक, सउनि जनकलाल पवार, प्रधान आरक्षक संदीप अजनेरिया, अरुण झरवड़े, आरक्षक चालक राजेश पवार, टिल्लू उइके और महेंद्र गुर्जर ने महत्वपूर्ण कार्य किया।








