इटारसी | नर्मदापुरम जिले के इटारसी की होनहार फुटबॉल खिलाड़ी एंजल मसीह डॉली ने एक बार फिर खेल जगत में शहर का नाम रोशन किया है। एंजल का चयन आगामी अंडर-19 स्कूल नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है। वह मणिपुर की राजधानी इम्फाल में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय टूर्नामेंट में प्रदेश की ओर से मैदान में उतरेंगी।
तीसरी बार खेलेंगी नेशनल
न्यू यार्ड निवासी स्वर्गीय राकेश मसीह की सुपुत्री एंजल के करियर की यह तीसरी बड़ी उपलब्धि है। यह उनका तीसरा नेशनल टूर्नामेंट होगा, जो उनकी निरंतरता और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। एंजल रेलवे बॉयज फुटबॉल क्लब (RBFC) की नियमित खिलाड़ी हैं और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
प्रतियोगिता 22 से 28 जनवरी तक इम्फाल, मणिपुर में होगी।
एंजल की इस उपलब्धि पर स्थानीय खेल प्रेमियों और फुटबॉल संघ ने खुशी जाहिर की है। रेलवे बॉयज क्लब के अध्यक्ष प्रीतम तिवारी, सचिव देवेंद्र खाड़े और जिला फुटबॉल संघ के सचिव दीपक परदेसी ने इसे शहर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
वरिष्ठ खिलाड़ी यशवंत पांडव, संजय धपत, शेख लतीफ, राजेश बिलिया, उद्धव राजपूत, रविंद्र चौधरी सहित क्लब के सभी खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने एंजल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और टीम की जीत की कामना की है।









