इटारसी। वरिष्ठ नागरिक संघ, पुरानी इटारसी की मासिक बैठक संघ कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे निरंतर अत्याचारों के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया गया। संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि वे इस वर्ष विरोध स्वरूप नववर्ष नहीं मनाएंगे और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपेंगे।
बांग्लादेश में हिंसा पर आक्रोश, ज्ञापन
बैठक में सदस्यों ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या, प्रताडऩा, महिलाओं और बच्चों पर अत्याचार एवं घरों को जलाए जाने की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। शासन की अनदेखी के विरोध में आगामी सप्ताह में एसडीएम इटारसी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
शहर की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा
संघ ने शहर की बुनियादी और प्रशासनिक समस्याओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया जिसमें प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बाहरी हिस्से में फैली भीषण अव्यवस्था और पुरानी इटारसी की ओर एस्केलेटर का चालू न होना यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पुरानी इटारसी के बदहाल मार्ग और जमानी रोड पर खतरनाक ढंग से बनाए गए स्पीड ब्रेकर्स को सुधारने की आवश्यकता बताई गई। स्टेट बैंक का एटीएम कई महीनों से बंद होने के कारण वरिष्ठ नागरिकों को हो रही आर्थिक असुविधा पर निराशा व्यक्त की गई।
श्रद्धांजलि और सम्मान
बैठक के दूसरे चरण में संघ के संस्थापक सदस्य और संरक्षक, दिवंगत शिक्षाविद एपी चौधरी को याद किया। शिक्षा और समाज हित में उनके अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए शोक सभा का आयोजन किया गया। संघ के सदस्यों ने उनके परिजनों हार्दिक चौधरी एवं संस्कार चौधरी को शोक संदेश भेंट कर सांत्वना दी। बैठक में सदस्य दिलीप कुमार दीवान को उनके जन्मदिन पर मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं।
इस अवसर पर शिवनारायण चौधरी (छोटे भैया), आरसी वर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार शुक्ल, अध्यक्ष अशोक कुमार दुबे, सचिव जीडी पाटिल, एमएल पटेल, टीआर चोलकर, राजेंद्र चौधरी, संतोष दीवान, दिलीप दीवान, आरवी गुप्ता, अशोक मालवीय, देवेंद्र जनोरिया, एसएस चौधरी, दीनानाथ महतो, रामलाल मौर्य, मनोहर उपाध्याय, शिव गोविंद महतो, इंजीनियर राजेश गुप्ता, आरजे बनोरिया, बीआर बनोरिया, एमएल पवार, टीके धार्मिक, केएन चिमनियां एवं अशोक दुबे सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।









