सिवनी मालवा। वनमण्डल नर्मदापुरम के अंतर्गत बानापुरा वन परिक्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त करते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार, 27 फरवरी को राजलढ़ाना और पतलई ग्रामों के कुछ लोग लगभग 20 हेक्टेयर (करीब 50 एकड़) सुरक्षित वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे संयुक्त टीम ने विफल कर दिया।
अस्थायी झोपडिय़ों को किया गया ध्वस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीट झाड़बीड़ा के वन क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा रातों-रात अस्थायी झोपडिय़ां बनाकर नवीन अतिक्रमण की तैयारी की गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस बल का संयुक्त दस्ता मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध रूप से निर्मित सभी झोपडिय़ों को मौके से हटा दिया। दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए विभाग द्वारा अतिक्रमण-रोधी खंती की खुदाई भी कराई गई है।
वृक्षारोपण को पहुंचाया गया नुकसान
कार्रवाई के दौरान यह बात सामने आई कि अतिक्रमणकारियों ने उक्त वन भूमि पर पूर्व में किए लगभग 20 हेक्टेयर के नए वृक्षारोपण को भी गंभीर क्षति पहुंचाई है। वन विभाग द्वारा पौधों को हुए नुकसान का मूल्यांकन किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण को पहुंचाई गई इस क्षति की भरपाई अतिक्रमणकारियों से ही वसूली के माध्यम से की जाएगी।
महिला बल की रही विशेष तैनाती
संवेदनशील मामला होने के कारण मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध से निपटने के लिए इस बार महिला पुलिस बल की भी विशेष तैनाती की गई थी। संयुक्त दल की मुस्तैदी के कारण कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। वनमण्डलाधिकारी, नर्मदापुरम के अनुसार, वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








