इटारसी। शिक्षक कल्याण संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक परशुराम भवन, इटारसी में संगठन के वरिष्ठ साथी अशोक मालवीय की अध्यक्षता में हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी योजनाओं पर चर्चा कर शिक्षकों की समस्याओं का समाधान ढूंढना था।
बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिए। इनमें प्रमुख रूप से 5 सितंबर 2025 को शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर पालिका द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग प्रदान करना शामिल है।
संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई और संयोजक की सहमति से नए एवं युवा शिक्षकों को सदस्य बनाकर संगठन को और मजबूत करने का फैसला लिया। इसके अतिरिक्त, प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा पर संकुल स्तर पर एक सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय हुआ, जिसमें प्रत्येक स्कूल से एक शिक्षक का सम्मान किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए संगठन ने हर साल एक शाला को गोद लेने का संकल्प लिया, जिसमें छात्रों की पढ़ाई से संबंधित आवश्यक जरूरतों को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस पहल के तहत संबंधित शाला के शिक्षकों को भी सम्मानित कर संगठन का सदस्य बनाया जाएगा। बैठक के दौरान शिक्षकों के वेतन, अतिशेष और इनकम टैक्स कटौती जैसी कई समस्याओं पर भी चर्चा हुई। संगठन ने इन समस्याओं को उचित मंच पर रखकर उनके निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही, विधायक से समय लेकर उन्हें संगठन की गतिविधियों से अवगत कराने और उनके मार्गदर्शन में कार्य करने की योजना बनाई गई।
बैठक का संचालन सत्येन्द्र तिवारी ने किया, जबकि आभार संतोष भारद्वाज ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अशोक मालवीय, भुवनेश्वर दुबे, जिला सचिव संतोष भारद्वाज, सहसचिव घनश्याम शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अखिलेश दुबे, अनिल बस्तवार, सुनील दुबे, एसआर पटेल, बीपी चौरे, सौरभ शुक्ला और सत्येन्द्र तिवारी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।









