इटारसी। नए साल के जश्न के बीच इटारसी पुलिस अब फुल फॉर्म में नजर आ रही है। अगर आप सोच रहे हैं कि जाम छलकाकर सड़कों पर रफ्तार भरेंगे, तो सावधान हो जाइए! थाना प्रभारी गौरव बुंदेला और यातायात प्रभारी विनय अडलक की टीम ने शहर के चप्पे-चप्पे पर पहरा बिठा दिया है।
नए साल का स्वागत खुशियों से करें, हवालात की हवा खाकर नहीं। इटारसी पुलिस ने साफ कर दिया है कि नए साल के जश्न में खलल डालने वालों, खासकर नशे में स्टयरिंग थामने वालों के लिए पुलिस ने स्पेशल गिफ्ट तैयार कर रखा है—और वो गिफ्ट है सख्त कानूनी कार्रवाई!
पुलिस का सरप्राइज चेक
थाना प्रभारी गौरव बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस की टीमें मुस्तैद हैं। उनका कहना है कि जश्न मनाना गलत नहीं है, लेकिन शराब पीकर दूसरों की जान जोखिम में डालना अपराध है।
ब्रीथ एनालाइजर तैयार
सड़कों पर पुलिस ब्रेथ एनालाइजर लेकर खड़ी है। अगर मशीन की सुई घूमी, तो समझिये आपकी गाड़ी जब्त और नए साल की पहली सुबह थाने के चक्कर काटते बीतेगी। यातायात प्रभारी विनय अडलक ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कोई रहम नहीं किया जाएगा।
घर पर कोई इंतजार कर रहा है
पुलिस की यह सख्ती आपकी दुश्मन नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए है। नशे में गाड़ी चलाना सिर्फ एक चालान नहीं, बल्कि एक जानलेवा दुर्घटना को निमंत्रण देना है। मजा तब तक ही है, जब तक आप और आपका परिवार सुरक्षित है। पुलिस की अपील है, जिम्मेदार बनें, नशे को कहें ना और सुरक्षा को कहें हां।









