इटारसी। विजयासेन देवी दरबार समिति, सरस्वती सेवा समिति एवं गृहलक्ष्मी महिला मंडल इटारसी के संयुक्त तत्वावधान में आठ दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन महर्षि नगर स्थित विजयासेन देवी दरबार मंदिर प्रांगण में 7 फरवरी से 14 फरवरी तक किया जा रहा है।
आयोजन समिति के कृष्ण मोहन दुबे ने बताया कि वृंदावन से पधारे आचार्य गोस्वामी श्रीहित योगेन्द्र वल्लभ महाराज युगल की अमृतमय वाणी में प्राचीन मूल स्वरूप में संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर 7 फरवरी बुधवार सुबह 9 बजे से सूरज गंज चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी। आयोजन समिति के सदस्य पंडित वसंत मोहन दुबे ने बताया कि मंगलवार को कथा वाचक आचार्य योगेन्द्र वल्लभ गोस्वामी का नगर आगमन पर आयोजन समिति द्वारा भव्य स्वागत किया। उन्होंने शोभायात्रा में धर्म प्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया है।










