इटारसी। भाईदूज (Bhaidooj) पर एक बहन को उसके भाई के आने का इंतजार था, ताकि वह उसके माथे पर तिलक (Tilak) करके पर्व मना सके। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस खुशी का वह इंतजार कर रही है, वहां से उसे दुख भरा समाचार मिलेगा। दरअसल, अपनी बहन से माथे पर तिलक लगवाने जा रहे भाई की रास्ते में ही हृदयाघात से मौत हो गयी। अत्यंत कम उम्र में हृदयाघात की इस घटना की खबर मिलने पर न सिर्फ परिवार में वज्रपात हो गया है बल्कि जिसने भी सुना उसे बहुत दुख हुआ है। बाबई में अपनी बहन के घर 19 वर्षीय किशोर माता-पिता के साथ जा रहा था। लेकिन इसी दौरान मोबाइल पर आई एक सूचना ने बहन की खुशी को गम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार बाबई जाते वक्त तवा ब्रिज के समीप चाय की दुकान पर चाय पीते पीते ही बालक आयुष के प्राण निकल गये। इटारसी के मालवीय गंज निवासी पमिल चौधरी का सुपुत्र आयुष अपनी बहन के घर अपने माता-पिता के साथ भाईदूज (Bhai Dooj) के मौके पर तिलक कराने जा रहा था। आयुष अपने पिता पमिल चौधरी, मां एवं चचेरे भाई के साथ इटारसी से बाबई अपनी बहन के घर तिलक लगवाने जा रहा था। इसी दौरान तवा पुल क्रास करते ही एक होटल पर सभी ने चाय पी। चाय पीने के साथ आयुष उम्र 19 वर्ष की तबीयत बिगडऩे लगी।
यह देखते ही परिजनों ने उपचार के लिए सीधे शासकीय अस्पताल (Govt Hospital) लाए, जहां डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। यह सुन परिजनों का बुरा हाल हो गया, जो बहन घर पर अपने भाई का इंतजार कर रही थी वह भी अस्पताल पहुंची, जहां अपने मृत भाई के शरीर से लिपटते हुए चीख-चीख कर रोते हुए कह रही थी भैया उठ तेरी बहन तिलक लगाएगी, तेरी लंबी उम्र की कामना करेगी, उठ भाई, परंतु भाई तो जीवन त्याग चुका था। बहन को इस बात का गहरा सदमा था कि शायद वह घर नहीं आता तो यह नहीं होता। पमिल चौधरी की दुकान डायवर्सन तिराहा पीपल मोहल्ला डायवर्सन रोड पर कृष्णा इलेक्ट्रिकल (Krishna Electrical) के नाम से है।









