इटारसी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने अपनी सक्रिय टीम में विस्तार करते हुए अमनकीत सिंह भाटिया गोलू को खेल एवं युवक कल्याण विभाग में अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति का उद्देश्य क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं की समस्याओं को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है। विधायक कार्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान डॉ. सीतासरन शर्मा ने अमनकीत सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपा और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष राहुल चौरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि अमनकीत की नियुक्ति से खेल विभाग और खिलाडिय़ों के बीच समन्वय बेहतर होगा। नवनियुक्त प्रतिनिधि अमनकीत सिंह भाटिया ने विधायक डॉ. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाडिय़ों के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।









