नर्मदापुरम। जिला कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसी कड़ी में, शराब की तस्करी में लगे दो वाहनों को जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई के दौरान, आबकारी टीम ने 225 पाव देसी प्लेन शराब, 12 लीटर बीयर, 20 लीटर हाथ भट्टी की शराब और 550 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 10 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। जब्त की गई सामग्री और वाहनों का अनुमानित बाजार मूल्य 2,53,730 रुपए बताया गया है।
आबकारी अधिकारी अरविंद सागर ने बताया कि इस कार्रवाई में एक मारुति वैगन आर कार और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक केके पडरिया, हितेश विशोरिया, मुख्य आरक्षक रघुवीर निमोडा, डीपी मांझी, आरक्षक धर्मेंद्र बारंंगे, गणपति बोबड़े और भावना यादव का विशेष योगदान रहा।









