जो देश की तरक्की चाहते हैं उनके लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं : शुक्ल

Post by: Rohit Nage

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी देश में भारी जीत की ओर बढ़ रही है। जनता भाजपा और मोदी जी के काम से पूरी तरह से संतुष्ट है। मोदी जी ने ऐसे मामलों में सफलता हासिल की है जो अब तक असंभव से माने जा रहे थे, इनमें धारा 370 का हटना, राम मंदिर, गरीब कल्याण की अनेक योजनाएं शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ला आज यहां संभाग मुख्यालय नर्मदा पुरम में लोकसभा चुनाव के संदर्भ में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारी पर बैठक में चर्चा हुई है। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर लक्ष्य के करीब पहुंच गया है। श्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए भारतीय जनता पार्टी कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलों के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का दरवाजा ऐसे लोगों के लिए सदैव खुला है, जो देश की तरक्की चाहते हैं। हम ऐसे लोगों का दोनों हाथों से स्वागत करने को तत्पर हैं।
हरदा में हुई पटाखा फैक्ट्री में आगजनी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि घटना के दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि वे याद रखेंगे। उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि घटना में घायल हुए लोगों का उपचार भोपाल, इंदौर, हरदा में बेहतर तरीके से किया गया है। कुछ जो मृत्यु हुई है वह घटनास्थल पर ही हुई हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना के तुरंत बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई की जो संभव हो सकती थी। जांच दल गठित किया गया है जिसकी रिपोर्ट भी बहुत जल्द प्राप्त हो जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!