इटारसी। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल इटारसी द्वारा अंत्योदय के प्रणेता और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाया। इस पावन अवसर पर पार्टी की मजबूती और संगठन विस्तार हेतु आजीवन सहयोग निधि संग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया।
एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का स्मरण
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उपस्थित वक्ताओं ने उनके एकात्म मानववाद और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान अंत्योदय के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जी का जीवन सादगी और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
संगठन की मजबूती के लिए सहयोग निधि
समर्पण दिवस के अवसर पर नगर मंडल के पदाधिकारियों और निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने अपनी सामर्थ्य अनुसार आजीवन सहयोग निधि एकत्र की। कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत रूप से निधि दान कर संगठन के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। इस अवसर पर सभी ने मिलकर भारतीय जनता पार्टी को और अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर मंडल के वरिष्ठ नेता, पार्षद और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









