इटारसी। मुंबई से वाराणसी जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन की इंजन से दूसरे नंबर पर लगी जनरल बोगी के शौचालय में ‘इस ट्रेन में बम है’ लिखा हुआ पाया गया। इस सनसनीखेज सूचना के बाद ट्रेन को तुरंत इटारसी स्टेशन पर रोक लिया गया और बम निरोधक दस्ते, जीआरपी, और आरपीएफ स्टाफ ने बोगियों की सघन चेकिंग शुरू की।
टॉयलेट की दीवार पर मिली धमकी, चार स्टेशनों पर हुई जांच
ट्रेन में बम होने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। इटारसी पहुंचने से पहले, ट्रेन की सुरक्षा जांच मनमाड़, खंडवा और भुसावल स्टेशनों पर भी की गई थी, इटारसी में सूचना के बाद जांच को और कड़ा कर दिया गया। टीम ने एक-एक बोगी की गहन तलाशी ली।
एसी बोगी में मिला लावारिस सूटकेस
सघन चेकिंग के दौरान, ट्रेन की एक एसी बोगी बी-1 में लाल रंग का एक लावारिस सूटकेस मिला, जिसने कुछ देर के लिए तनाव बढ़ा दिया। सुरक्षा कर्मचारियों ने पूरी ट्रेन में यात्रियों से पता किया, लेकिन किसी ने भी सूटकेस पर अपना दावा नहीं किया। जब सूटकेस को खोलकर चेक किया गया, तो राहत की सांस ली गई। सूटकेस के अंदर पहनने के कपड़े, भगवत गीता और अन्य सामान्य सामग्री मिली, जिससे यह साफ हुआ कि यह किसी यात्री का छूटा हुआ सामान था। संबंधित यात्री से संपर्क हो गया है, वह अपना बैग लेने इटारसी पहुंच रहे हैं।
8 मिनट की देरी से हुई रवाना
ट्रेन में सघन जांच और लावारिस सामान की पुष्टि के बाद, सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन को आगे रवाना होने की अनुमति दी। सुरक्षा कारणों से हुई इस कार्रवाई के कारण महानगरी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग 8 मिनट की देरी से इटारसी स्टेशन से रवाना हुई। पुलिस इस अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है।









