इटारसी। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2 सीपीई इटारसी में एक अनूठा कार्यक्रम चल रहा है, पुस्तक उपहार उत्सव। हालांकि यह नया नहीं है, लेकिन इसने कई बच्चों और उनके पालकों की परेशानी में राहत प्रदान की है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुस्तकोपहार उत्सव का आयोजन विद्यालय में किया। यह उत्सव विद्यालय में नए सत्र की शुरुआत में हर वर्ष मनाया जाता है।
क्या होता है उत्सव में
इस उत्सव में छात्र/छात्राएं अपनी पिछली कक्षा की पुस्तकें अपनी इच्छा अनुसार विद्यालय पुस्तकालय में दान स्वरूप जमा करते हैं एवं उपलब्ध होने पर अगली कक्षा की पुस्तकें प्राप्त करते हैं। इस प्रकार यह क्रम चलता रहता है एवं जरूरत मंद बच्चों को निशुल्क पुस्तकें मिल जाती हैं। यह योजना पूर्णत: निशुल्क है। विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष अखिलेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष भी विभिन्न कक्षाओं के कुल 165 बच्चों ने कुल 825 पुस्तकें उपहार स्वरूप पुस्तकालय में जमा कराई एवं आवश्यकतानुसार अगली कक्षाओं की पुस्तकें प्राप्त कीं।
पर्यावरण संतुलन में मददगार
आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द कुमार राय, प्राथमिक विभाग की प्रधानाचार्य श्रीमती लिली ग्रेस, पुस्तकालयाध्यक्ष अखिलेश कुमार उपाध्याय एवं अन्य शिक्षक/ शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्राचार्य ने अपने संबोधन में पुस्तकोपहार योजना की जरूरत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं संतुलन के लिए यह बहुत जरूरी है। बच्चे पुस्तकों के इस आपसी आदान प्रदान की वजह से अप्रत्यक्ष रूप कितने ही पेड़ों को कटने से बचा लेते हैं।
एक आन्दोलन
इस योजना को ‘केन्द्रीय विद्यालय संगठन’ एक आन्दोलन के रूप में चला रहा है। इससे बच्चे पर्यावरण संरक्षण की महती जिम्मेदारी का निर्वहन तो करते ही हैं, साथ ही साथ आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को अपनी पुस्तकें देकर उनकी मदद करते हैं जिससे आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना प्रबल होती है। कार्यक्रम के अंत में अखिलेश कुमार उपाध्याय पुस्तकालयाध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन अमित प्रसाद प्राथमिक शिक्षक ने किया।