इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा आयोजित 70 वें रेल सप्ताह समारोह में भोपाल मंडल का दबदबा रहा। मदनमहल, जबलपुर स्थित उत्सव सामुदायिक भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
महाप्रबंधक ने थपथपाई पीठ
पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने चयनित रेलकर्मियों को पुरस्कार प्रदान किए। भोपाल मंडल की ओर से यह गौरवशाली सम्मान मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने अपनी टीम के साथ प्राप्त किया।
समारोह के दौरान भोपाल मंडल को विभिन्न श्रेणियों में कुल 19 सम्मान प्राप्त हुए।
- राजपत्रित अधिकारी : 03 अधिकारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से नवाजा गया। इन्होंने प्रशासनिक दक्षता और तकनीकी कुशलता में अनुकरणीय कार्य किया।
- अराजपत्रित कर्मचारी : विभिन्न विभागों के कुल 11 कर्मचारियों को उनके अनुशासन और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया।
- दक्षता शील्ड : भोपाल मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 05 दक्षता शील्ड पर अपना कब्जा जमाया।
सुरक्षित रेल संचालन पर जोर
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इन पुरस्कारों का मुख्य आधार सुरक्षित रेल संचालन, तकनीकी नवाचार और उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता रहा है। इस उपलब्धि से पूरे भोपाल मंडल के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है।









