इटारसी। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा पॉलीथिन मुक्त अभियान को लगातार जारी रखा गया है। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा के निर्देशों पर आज राजस्व, स्वास्थ्य और अतिक्रमण विरोधी अमले ने पुरानी इटारसी स्थित सूखा सरोवर में लगने वाले सब्जी बाजार में विशेष कार्रवाई की।
अभियान के तहत दोपहर एक बजे से नगर पालिका का अमला सब्जी बाजार में मौजूद रहा। इस दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और पॉलीथिन का उपयोग न करने की समझाइश दी गई। अमले ने कई दुकानदारों के पास से पॉलीथिन जब्त की और उनको पॉलिथिन का उपयोग न करने की समझाईश दी गई।
नगर पालिका के इस अभियान में अनेक दुकानदारों ने भी अपनी सहभागिता दिखाई। उन्होंने शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के संकल्प का समर्थन किया और ग्राहकों को पॉलीथिन में सब्जी न देने में सहयोग का आश्वासन दिया।









