माखननगर। नर्मदापुरम पुलिस जिले के थाना माखननगर ने भूमि विवाद में फायरिंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता पीयूष यादव, निवासी गूजरवाड़ा, ने 25 अक् टूबर 25 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, उनके दादा स्वर्गीय मथुराप्रसाद यादव का सेहरा जंगल क्षेत्र में दो एकड़ का खेत है, जिस पर उनका परिवार कई वर्षों से खेती करता आ रहा है।
विवादित भूमि पूर्व में सिकमी पर दी गई थी, जिसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज बनाकर यह जमीन सोजन्य जैन को बेच दी थी। बाद में, वर्ष 2024 में, सोजन्य जैन ने यह भूमि अक्षय तिवारी, निवासी माखननगर, को बेच दी।
25.10.25 को लगभग 04 बजे, शिकायतकर्ता पीयूष यादव, उनके पिता हेमराज यादव (उर्फ लल्ली यादव), चाचा उमेश यादव और अन्य परिवारजन खेत पर काम कर रहे थे। तभी अक्षय तिवारी और सुनील शर्मा कुछ अन्य लोगों के साथ खेत पर पहुंचे।
मारपीट और फायरिंग
आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं के साथ झगड़ा किया, गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, घटना के दौरान अक्षय तिवारी द्वारा खेत से बाहर निकलने के बाद हवाई फायर करके दहशत फैलाने और एक दबाई की दुकान के शटर पर फायरिंग करने की सूचना भी प्राप्त हुई है। आरोपियों ने यादव परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना माखननगर का बल तत्काल मौके पर पहुंचा। यादव परिवार की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी अक्षय तिवारी और सुनील शर्मा, दोनों निवासी माखननगर, के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है।
अन्य पक्ष की रिपोर्ट पर फरियादी सुनील शर्मा की रिपोर्ट पर, आरोपी लल्ली यादव (निवासी गूजरवाड़ा) के विरुद्ध भी अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। दोनों पक्षों पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूर्व में धारा 134 बीएनएसएस (इस्तगासा क्र. 01/25) के तहत कार्रवाई की जा चुकी है, साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है।








