इटारसी। इटारसी क्रिकेट संघ ने पत्रकार भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में आगामी दो बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की तारीखों को अंतिम रूप दे दिया है। संघ के सभी सदस्यों की उपस्थिति में यह निर्णय लिया कि खिलाडिय़ों को लगातार अवसर प्रदान किए जाएंगे।
पहला टूर्नामेंट, चाणक्य क्रिकेट टूर्नामेंट
वरिष्ठ खिलाडिय़ों और संघ के सदस्यों की सहमति से यह तय किया गया है कि चाणक्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 28 दिसंबर से 4 जनवरी तक किया जाएगा। चूंकि जनवरी के पहले सप्ताह में गांधी ग्राउंड में अन्य टूर्नामेंट भी प्रस्तावित हैं, इसलिए चाणक्य टूर्नामेंट को इस समय सीमा में पूरा करने का निर्णय लिया गया है।
दूसरा टूर्नामेंट, अंडर-15 लेदर बॉल क्रिकेट
युवा प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से अंडर-15 लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 17 जनवरी से 25 जनवरी के बीच किया जाएगा। यह टूर्नामेंट इटारसी में क्रिकेट के भविष्य को मजबूती देगा। अंडर-15 के सभी मैच एकलव्य इंटरनेशनल स्कूल मैदान में खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में बाहर के शहरों से आने वाली टीमों के लिए इटारसी क्रिकेट संघ द्वारा एक तरफ का किराया (फेयर) और रुकने तथा खाने की सभी व्यवस्था की जाएगी। अभी तक इस टूर्नामेंट के लिए इंदौर, भोपाल, बैतूल, बानापुरा और नागपुर की टीमों ने अपनी सहमति दे दी है।
बैठक में वरिष्ठ खिलाड़ी उमेश द्विवेदी, अनिल राठी, जितेंद्र ओझा, सुनील औरंगाबाद, कल भूषण मिश्रा, अतुल राठौर, राकेश पांडेय, क्रिकेट कोच राजीव दुबे, क्रिकेट संघ के सचिव अमित जायसवाल और संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र पाल सिंह जग्गी आदि शामिल थे।









