इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्या मंदिर स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह में बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से शिक्षकों के सम्मान और उनके महत्व का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक और नृत्य नाटिका के माध्यम से बच्चों ने समाज में शिक्षकों के प्रति अभद्रता बढऩे और सम्मान में कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की। इन प्रस्तुतियों का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना था कि उनके भविष्य को आकार देने के लिए पूर्ण समर्पित शिक्षकों को भरपूर सम्मान मिलना चाहिए, ताकि वे और अधिक उत्साहित होकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दे सकें।
इस अवसर पर, बच्चों ने गुरु द्रोणाचार्य और एकलव्य की गुरु-शिष्य परंपरा और गुरु के प्रति समर्पण भावना को प्रदर्शित कर सबका मन मोह लिया। समारोह की शुरुआत में, स्कूल के प्राचार्य आलोक गिरोटिया और उप-प्राचार्य मनीषा गिरोटिया ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद, बच्चों ने भी सभी शिक्षकों पर पुष्प अर्पण कर उनका स्वागत किया।
कक्षा पहली के बच्चों ने एक ओजस्वी कविता के माध्यम से इस दिवस के प्रमुख स्मृति बिंदु डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया। अन्य कक्षाओं के बच्चों ने शिक्षा जगत में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कक्षा 5वीं के विद्यार्थी दुर्गा शुक्ला और कक्षा आठवीं के विद्यार्थी अक्षत सराठे ने अपने सधे हुए संचालन से कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने समाज में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका का बखान करते हुए अपनी भूमिका बखूबी निभाई।
शिक्षकों के इस महत्वपूर्ण दिवस पर, उनके मनोरंजन के लिए बच्चों द्वारा विभिन्न खेल आयोजित किए गए। इसके साथ ही, स्कूल प्रबंधन ने शिक्षकों को उपयोगी भेंट और स्वादिष्ट व्यंजन प्रदान कर उनका सम्मान किया।









