इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। वार्ड 26 स्थित जयश्री विद्या मंदिर स्कूल में स्वच्छता की पाठशाला आयोजन के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया गया।
कचरा पृथक्करण और सिंगल यूज प्लास्टिक पर जोर
पार्षद कुंदन गौर और स्वच्छता समन्वयक रोहित बकोरिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखना चाहिए और उसे केवल कचरा वाहन में ही डालें। पार्षद श्री गौर ने विशेष रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों की जानकारी दी और बच्चों से अपील की कि वे बाजार जाते समय हमेशा कपड़े के थैले का ही उपयोग करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घर और स्कूल के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
रैली और वॉल पेंटिंग के माध्यम से दिया संदेश
जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्कूल परिसर में वॉल पेंटिंग की गई और बच्चों द्वारा एक स्वच्छता रैली निकाली गई। अंत में शाला के प्राचार्य संजय मंडराई की उपस्थिति में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस कार्यशाला को सफल बनाने में शिक्षक निर्मला मंडराई, सुरभि सराठे, रितु चौरे और सोनाली चौरे का विशेष सहयोग रहा। सभी ने एक स्वर में अपने शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल लाने का संकल्प लिया।









