इटारसी। शांति, प्रेम और करुणा के दूत प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव क्रिसमस बुधवार को शहर में पूरी आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आधी रात के मिडनाइट मास से शुरू हुआ जश्न सुबह की विशेष प्रार्थना सभाओं तक जारी रहा। एक ओर जहां गिरजाघरों में आध्यात्मिक उल्लास दिखा, वहीं दूसरी ओर सामाजिक संस्थाओं में सेवा की सरिता बही।
गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना और केरॉलगान
क्रिसमस के अवसर पर शहर के फ्रेन्ड्स चर्च, सेक्रेड हार्ट ऑफ जीसस चर्च और ईएलसी चर्च सहित तमाम गिरजाघरों को आकर्षक रोशनी और मसीही सितारों से सजाया गया। देर रात से ही विशेष प्रार्थना सभाएं शुरू हुईं, जहां पादरियों ने प्रभु यीशु के जन्म का संदेश पढ़ा और मानवता के कल्याण की प्रार्थना की। सुबह-सुबह मसीह समाज की टोलियां घर-घर पहुंचीं और पारंपरिक केरॉलगान के माध्यम से यीशु के जन्म की गाथाएं सुनाईं। नए परिधानों में सजे समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर मैरी क्रिसमस कहा। चर्च परिसर में केक, मिठाई और कॉफी का वितरण कर खुशियां साझा की गईं।
मुस्कान संस्था में युवाओं ने बिखेरी मुस्कान

पर्व की खुशी को सेवा से जोड़ते हुए क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन ने मुस्कान संस्था में एक कार्यक्रम आयोजित किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष जयराज सिंह भानु के नेतृत्व में युवाओं ने संस्था के बच्चों के साथ क्रिसमस मनाया। युवाओं ने बच्चों के साथ मिलकर क्रिसमस ट्री सजाया, खेल खेले और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों को मिठाई, खिलौने और आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इस मौके पर युवाओं ने प्रभु यीशु के प्रेम और क्षमा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मुस्कान संस्था के कार्यक्रम में अध्यक्ष जयराज सिंह भानु के साथ संस्था संचालक मनीष ठाकुर, सुशील पतरस, आर. करीम, मनोज राज, स्टीवन लिविंगस्टन, एलेक्स, मोहित, सिद्धार्थ हेनरी, समर्थ हेनरी, अश्मित, जोनाथन, जोंटी, जोसेफ, विश्वास, राहुल, विक्टर, आशीषराज, किरण, पीटर, सिबिलाल सर, रोहन, रोहित, आदर्श, मृदुल, अर्पित, शैलेन्द्र, अल्बर्ट खान, अनुपम लाल, राजेंद्र, खुशहाल, सौरभ दास, लक्की पॉल सहित बड़ी संख्या में समाज के युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









