इटारसी। न्यास कालोनी में गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान नागरिकों की समस्या के संबंध में पार्षद एवं सभापति अमृता मनीष सिंह ठाकुर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखा है।
उन्होंने बताया कि नलों में गंदे पानी को लेकर न्यास कॉलोनी विगत कई दिनों से परेशान है, मगर इसका निदान नहीं हो पा रहा है। कॉलोनी के निवासियों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए लगातार गंदा पानी मिल रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस दूषित पानी के कारण जल जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
निवासियों ने इस संबंध में कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन अभी तक कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से अनुरोध किया है कि इस गंभीर समस्या का संज्ञान लें और तत्काल आवश्यक कदम उठाएं ताकि कॉलोनी के निवासियों को स्वच्छ पानी मिल सके।









