इटारसी। सफाई मजदूर कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश आर्य के नेतृत्व में आज नगर पालिका इटारसी के सफाई कर्मचारियों ने 13 सूत्री मांगों का एक ज्ञापन मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिया। सफाई कर्मचारियों ने बरसते पानी में नगर पालिका परिषद तक रैली निकाली और अपनी 13 सूत्री मांगों को सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा के सामने रखा। इन मांगों में समय पर वेतन का भुगतान, ठेकेदारी प्रथा का अंत, और सभी कर्मचारियों का स्थायीकरण शामिल है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा ने कर्मचारियों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि वह मांगों पर विचार कर पूर्ण कराने का हर संभव प्रयास करेंगी, और जरूरत पडऩे पर भोपाल स्थित उच्च अधिकारियों से भी समन्वय स्थापित करेंगी, ताकि इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।
महेश आर्य ने कहा कि आज हम यह संकल्प लेते हैं कि हम सभी कर्मचारी एकजुट रहेंगे और अपने अधिकारों के लिए अंत तक लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो कर्मचारी संघ आंदोलन करने के लिए तैयार है, और आवश्यकता पडऩे पर यह आंदोलन भोपाल स्थित जीडी कार्यालय तक भी जाएगा।








