इटारसी। शहर में जनजातीय कन्या छात्रावास की व्यवस्थाओं को परखने के लिए नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा ने बुधवार को साप्ताहिक निरीक्षण किया। सुबह करीब 11:45 बजे छात्रावास परिसर पहुंचकर श्रीमती मेहरा ने वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और छात्राओं से सीधा संवाद किया।
निरीक्षण में इन पहलुओं पर रहा फोकस
- भोजन की गुणवत्ता : उन्होंने रसोई में जाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की।
- सुविधाओं पर चर्चा : छात्रावास परिसर में रहने वाली छात्राओं से उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।
- समस्याएं सुनीं : छात्राओं की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
कलेक्टर के आदेश पर हुआ निरीक्षण
सीएमओ श्रीमती मेहरा ने बताया कि यह निरीक्षण कलेक्टर के आदेशानुसार साप्ताहिक रूप से किया है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रावास परिसर में निवास कर रही छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की नियमित जांच करना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छात्रावास में जल्द मिलेंगी ये नई सुविधाएं
निरीक्षण के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने छात्रावास में जल्द ही शुरू होने वाली नई सुविधाओं की जानकारी दी।
- पुस्तकालय सुविधा : छात्रावास के पुस्तकालय में विषय उपयोगी सामग्री जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी।
- आधुनिक सुविधाएं : परिसर में आईकॉनिक टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी।
- सेनेटरी मशीन : छात्राओं की सुविधा के लिए सेनेटरी मशीन की भी जल्दी व्यवस्था कराई जाएगी।









