इटारसी । भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस बदलाव से अब अधिक यात्री वंदे भारत की आधुनिक और आरामदायक यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के यात्रा भार (ऑक्यूपेंसी) के आंकड़ों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया है।
इन वंदे भारत ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच
16 से बढ़कर 20 कोच वाली ट्रेनें
तीन वंदे भारत ट्रेनों को 16 से बढ़ाकर 20 कोच का किया जाएगा। इनमें मंगलुरू-तिरुवनंतपुरम, सिकंदराबाद-तिरूपति और चेन्नै-तिरूनेलवेलि वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
8 से बढ़कर 16 कोच वाली ट्रेनें
चार वंदे भारत ट्रेनों को 8 से बढ़ाकर 16 कोच का किया जाएगा। इनमें मदुरै-बेंगलुरू, वाराणसी-देवघर, हावड़ा-राउरकेला और इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
भोपाल, नर्मदापुरम और इटारसी के यात्रियों को फायदा
गाड़ी संख्या 20911/12 इंदौर-नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस में कोच बढ़ने से पश्चिम मध्य रेल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे भोपाल, नर्मदापुरम और इटारसी के यात्रियों के लिए अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। रेलवे का मानना है कि इस विस्तार से न केवल सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि वेटिंग लिस्ट भी कम होगी, जिससे यात्रियों का सफर और अधिक सुविधाजनक और आसान हो जाएगा।









