इटारसी। मध्य प्रदेश सरकार की नीतियों और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को इटारसी में कांग्रेस के विभिन्न संगठनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस और आदिवासी विकास परिषद के नेतृत्व में शहर के जयस्तंभ चौक और पुरानी इटारसी में प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
जयस्तंभ चौक: सरकार की विफलता पर घेराव
जयस्तंभ चौक: सरकार की विफलता पर घेराव
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित मुख्य प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से त्रस्त है। प्रशासनिक तंत्र की निष्क्रियता और भ्रष्टाचार का चरम पर है। यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय शुक्ला, युवा कांग्रेस प्रवक्ता गुफरान अंसारी, ओम सेन, मुन्ना सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आदिवासी विकास परिषद, विजयवर्गीय के विरुद्ध आक्रोश

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के प्रति मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा उपयोग की गई कथित असंसदीय भाषा और धमकी भरे लहजे को लेकर आदिवासी समाज में गहरा रोष देखा। जयस्तंभ चौक पर एडवोकेट राजू उईके जिला अध्यक्ष, आदिवासी विकास परिषद छात्र प्रभाग के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज के गौरव उमंग सिंघार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समीर परते, मयूर जायसवाल, गज्जू तिवारी, नेहा चावरे, नवल पटेल और अन्य पार्षद व पदाधिकारी।
युवा कांग्रेस, पुरानी इटारसी में प्रदर्शन

युवा कांग्रेस ने भी मोर्चा संभालते हुए पुरानी इटारसी और जयस्तंभ चौक पर प्रदर्शन किया। पूर्व नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल के मार्गदर्शन और जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी गोल्डी व आकाश कुशराम के नेतृत्व में बड़बोले बयानों के विरोध में पुतला फूंका गया। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष मयंक चौरे और सेवादल अध्यक्ष गजानंद तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।









