इटारसी। कांग्रेस ने आज मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री विजय शाह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बयानों पर तीनों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध करने पुलिस थाने में एक ज्ञापन सौंपा है। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे, नगर अध्यक्ष मयूर जैसवाल सहित अनेक कांग्रेसी मौजूद रहे।
पुलिस को आवेदन नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने अपने नाम से दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री विजय शाह ने पब्लिक मीटिंग में श्रीमती उषा ठाकुर एवं अन्य भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति में महू थानान्तर्गत मानपुर तहसील में कर्नल शोफिया कुरैशी को पाकिस्तानी आतंकवादियों की बहन बोलकर व अन्य अश्लील शब्दों का उच्चारण किया। उन्होंने देश में सेना के प्रति विपरीत माहौल एवं देश के अन्दर ही समुदायों के मध्य आपसी विवाद, वैमनस्यता तथा राष्ट्रीय अखण्डता पर प्रतिकुल प्रभाव डालने वाले कथन के रूप में कहे थे।
मप्र शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी मंच से भारतीय सेना को प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक होना बोलकर भारतीय सेना का मान सम्मान गिराया। भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी पाकिस्तान के आतंकवादियों को हमारे देश के आतंकवादी बोलकर भारत देश का अपमान किया है। कांग्रेस ने कहा कि तीनों के कृत्यों से देश का अपमान, महिलाओं का अपमान, देश की सेनाओं का अपमान हुआ है जिसके लिए इनके विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर त्वरित उचित कार्यवाही करें।