इटारसी। शहर की सड़कों की बदहाली और भारी गड्ढों के विरोध में आज नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी द्वारा अनोखा प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी इटारसी के सूखा सरोवर पहुंच मार्ग पर प्रतीकात्मक रूप से रेड कारपेट बिछाकर विरोध दर्ज कराया और नगरपालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान में इटारसी की सड़कों की हालत इतिहास में सबसे खराब है, जिससे आम नागरिक बेहद त्रस्त हैं।
विरोध प्रदर्शन के मुख्य बिंदु
- मुख्य आरोप : नपा (नगरपालिका) द्वारा शहर की जर्जर सड़कों की सुध न लेना और गड्ढों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी।
- अनोखा विरोध : ज्ञापन लेने के लिए नपा का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक भैंस को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
- चेतावनी : कांग्रेस ने जल्द से जल्द सड़क सुधार का कार्य शुरू न होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

क्यों जरूरी है, रोड
जिस रोड पर प्रदर्शन किया, उस रोड की हालत खराब है। यहां तीन स्कूल हैं, सोमवार और शुक्रवार को बाजार लगता है, हजारों जनता खरीद करने इसी मार्ग से आना जाना करती है। इसके अलावा यहां नगर पालिका ने वीर सावरकर स्टेडियम का निर्माण किया है जहां खिलाड़ी हर रोज अभ्यास करने आते हैं। जर्जर रोड से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जैसवाल ने इस रोड के अलावा पिछले वर्ष कायाकल्प योजना में बनी रोड का मुद्दा भी उठाया जिसमें सारी रोड खराब हो चुकी हैं, उनका डामर निकल गया, धूल उड़ रही है जो लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की रोड से स्वयं ही भ्रष्टाचार के संकेत मिल रहे हैं। मयूर जायसवाल ने भाजपा शासित नपा के नुमाइंदों पर ‘सत्ता के नशे में मदमस्त’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन को नागरिकों की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है।
गोल्डी चौधरी ने कहा कि हमने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कॉल किया था कि वे आंदोलन स्थल पर आकर ज्ञापन लें, लेकिन उनका कहना था कि वे वहां नहीं आएंगी, ज्ञापन देना है तो आफिस में ही आकर दे दें। उन्होंने कहा कि न तो वे आएंगी और ना ही किसी अधिकारी को भेजेंगी। हमारा उद्देश्य यह था कि वे स्वयं आकर रोड की स्थिति देखें, लेकिन वे आने को तैयार नहीं हुईं।
इस विरोध प्रदर्शन में अजय शुक्ला, नारायण ठाकुर, एनएस चौहान, गजानंद तिवारी, नरेश चौहान, रमा चंद्रवंशी, दिलीप गोस्वामी, गीतांजलि चौधरी, नेहा चावरे, धर्मेंद्र मालवीय, कैलाश चौरसिया, बबलू बस्तरवार, मुन्ना सिद्दीकी, कन्हैयालाल बामने, अनूप गाँचले, गौरव चौधरी, गोल्डी बैस, प्रतीक मालवीय, शम्मी जायसवाल, अजय अहिरवार, अभिषेक ओझा, अभिषेक साहू, आशीष परदेसी, सुशील बस्तरवार, बबलू बामने, आकाश कुशराम, अमल सरकार, सचिन मेहरा, समीर परते, लक्ष्मण परते, राहुल दुबे, कृष्णा कुमार चौधरी और शरद बड़कुर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








