इटारसी। न्यास कॉलोनी क्षेत्र में बदतर होती स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर वार्ड पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने नगर पालिका परिषद, इटारसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को सीधे तौर पर लापरवाही और निष्क्रियता का जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
पार्षद ठाकुर ने बताया कि हालिया बरसात ने नगर पालिका के स्वच्छता दावों की पोल खोल दी है, खासकर न्यास कॉलोनी में मामूली बारिश से भी जलभराव और गंदगी का अंबार लग जाता है। उन्होंने पहले भी इस संबंध में शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित है।
अमृता मनीष ठाकुर ने इस बात पर भी जोर दिया कि पार्षदों को जनता के बीच शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है, जबकि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक तंत्र की निष्क्रियता ही समस्याओं का मूल कारण है। उन्होंने कहा, आपकी और आपके अधिकारियों की निष्क्रियता का खामियाजा हम जनप्रतिनिधियों को भुगतना पड़ता है, जो जनविश्वास को भी आहत करता है।
निम्नलिखित बिंदुओं को उठाया
- अतिक्रमण : अधिकांश नालियों और चेंबरों पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे जलनिकासी पूरी तरह अवरुद्ध है।
- अतिक्रमण हटाओ अभियान ठप : अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरी तरह से ठप है। पार्षदों को न तो कोई सूचना दी जा रही है और न ही कार्रवाई की जानकारी साझा की जा रही है।
- निष्क्रिय अतिक्रमण विरोधी दस्ता : अतिक्रमण विरोधी दस्ता पूरी तरह से निष्क्रिय पड़ा है। उनसे संबंधित कार्ययोजना की प्रतिलिपि भी पार्षदगण को उपलब्ध नहीं कराई गई है।
- स्वच्छता अभियान की कमी : नगर पालिका द्वारा कोई विशेष स्वच्छता अभियान नहीं चलाया और ना ही इस संबंध में कोई समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं।
पार्षद द्वारा कार्रवाई की अपेक्षा
- न्यास कॉलोनी क्षेत्र में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या को दूर किया जाए।
- सभी नालियों और चेंबरों से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए।
- अतिक्रमण विरोधी दस्ते की कार्यवाही की विस्तृत जानकारी पार्षदों को उपलब्ध कराई जाए।
- स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।








