इटारसी। नए साल के जश्न के दौरान हड़दंग और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इटारसी पुलिस ने 31 दिसंबर की रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर मोर्चा संभाला।
पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले (ड्रिंक एंड ड्राइव) चालकों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए करीब 10 से 12 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत दर्जनों चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। हुड़दंगियों और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने रातभर पेट्रोलिंग की, ताकि आम नागरिक सुरक्षित तरीके से नववर्ष का स्वागत कर सकें।









