सिवनी मालवा। खुशियों भरे माहौल में मातम पसरते-पसरते रह गया। खंडवा से एक शादी समारोह में शामिल होने नर्मदापुरम आ रहे बारातियों की तूफान गाड़ी बाबडिय़ा भाऊ के पास एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सूखी नहर और ग्रामीणों की तत्परता ने 16 लोगों को काल के गाल में समाने से बचा लिया।
हार्वेस्टर को बचाने के चक्कर में पलटी
चश्मदीदों के मुताबिक, खंडवा जिले के ग्राम दगडख़ेड़ी से यह वाहन नर्मदापुरम में आयोजित एक विवाह समारोह के लिए निकला था। सफर हंसी-खुशी कट रहा था, तभी शिवपुर थाना क्षेत्र के बाबडिय़ा भाऊ के पास सामने से आ रहे एक हार्वेस्टर को बचाने की कोशिश में चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क किनारे बनी गहरी नहर में जा गिरी।
ग्रामीणों की जांबाजी: चीख-पुकार सुनकर दौड़े
जैसे ही गाड़ी नहर में पलटी, वहां कोहराम मच गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नहर की ओर दौड़े।
- तत्काल रेस्क्यू : ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन के दरवाजे खोलकर एक-एक कर सभी 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
- सूखी नहर बनी ढाल : राहत की बात यह रही कि उस समय नहर में पानी नहीं था, वरना यह सड़क हादसा एक बड़े जल-समाधि कांड में बदल सकता था।
घायलों की स्थिति और मेडिकल अपडेट

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सिवनी मालवा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। 06 यात्रियों की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम रेफर किया है, कुछ का उपचार नर्मदा अस्पताल में चल रहा है। बाकी लोगों का इलाज सिवनी मालवा अस्पताल में जारी है।







