रेलवे कर्मियों की समस्याओं को लेकर एम्प्लाइज यूनियन मुखर
इटारसी। रेलवे परिक्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं और कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया, वहीं दूसरी ओर आवास आवंटन समिति की बैठक में कर्मचारियों के हितों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ठंडी पुलिया से स्टेशन तक जर्जर सड़क
इटारसी सहायक मंडल अभियंता कार्यालय पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। ठंडी पुलिया से लेकर स्टेशन तक की जर्जर हो चुकी सड़क को लेकर कर्मचारी धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस जर्जर मार्ग के कारण रेल कर्मचारियों, उनके बच्चों और आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन के सख्त रुख को देखते हुए रेल प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका है और 2-3 महीने में काम शुरू हो जाएगा। तत्कालीन राहत के लिए अगले दो-तीन दिनों में गड्ढों को भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
12 बंगला एईएन कार्यालय में आवास आवंटन संपन्न
वहीं, 12 बंगला स्थित एईएन कार्यालय में आवास आवंटन समिति की बैठक में अशोक शर्मा के मार्गदर्शन और आरके शर्मा व कमलेश परिहार के कुशल नेतृत्व में कई पात्र रेलवे कर्मचारियों को आवास आवंटित किए। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया कि जिन रेल आवासों पर असामाजिक तत्वों ने अवैध कब्जा कर रखा है, उन्हें शीघ्र खाली कराने के लिए कठोर कार्रवाई की जाए।
मंडल संगठन बनने पर हर्ष और स्वागत
मंडल संगठक की जिम्मेदारी मिलने के पश्चात प्रीतम तिवारी ने दोनों सहायक अभियंताओं का मुंह मीठा कराया और उम्मीद जताई कि भविष्य में रेल कर्मचारियों को प्रशासन का भरपूर सहयोग मिलेगा। इधर, नर्मदापुरम स्टेशन पर भी खुशी का माहौल रहा, जहां स्टेशन प्रबंधक डीएस चौहान और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रीतम तिवारी का आतिथ्य सत्कार किया एवं यूनियन नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।









