- – विधायक की मध्यस्थता के बीच दूसरे पक्ष पर मारपीट और चाकू मारने का आरोप
- टीआई गौरव बुंदेला ने अलग-अलग एंगल से जांच करने का आश्वासन दिया
इटारसी। इटारसी में किन्नरों के दो गुटों के बीच चल रहा आपसी विवाद आज एक बार फिर हिंसक हो गया, जिसके बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। विवाद से त्रस्त किन्नरों के एक दल की तीन सदस्यों आसमा मोरे, पिंकी मोरे, और तितली किन्नर ने दूसरे समूह पर जानलेवा हमले और लगातार प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए शाम को पुलिस थाने में फिनाइल पी लिया।
विवाद और आरोप
पीडि़त पक्ष के सदस्यों ने आरोप लगाया कि आज सुबह विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने दोनों गुटों के बीच चल रहे विवाद को आपसी बातचीत से हल करने के लिए बुलाया था। इस दौरान दूसरे गुट के किन्नर सुंदर, तमन्ना, रुकईया उन्हें मारने के लिए तलाश रहे थे। उनके एक साथी को दूसरे गुट से जुड़े गुंडों ने चाकू मार दिया। मीरा किन्नर ने बताया कि वे कई जगह शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उन्हें शहर छोडऩे के लिए कहा जा रहा है और बधाई मांगने भी नहीं दिया जा रहा।
पुलिस का पक्ष
थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि किन्नरों द्वारा लगाए चाकूबाजी के आरोप और फिनाइल पीने की घटना दो अलग मामले हैं। उन्होंने कहा कि युवक को पवन भदौरिया और प्रहलाद सराठे ने चाकू मारा है, और यह उनका आपसी वेंडरी विवाद है, जिसका सीधे तौर पर किन्नरों के मामले से लेना-देना नहीं है। टीआई ने आश्वस्त किया कि वह लौटकर दोनों घटनाओं के जुड़ाव के एंगल पर भी जांच कराएंगे।
उन्होंने कहा कि चाकूबाजी के आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं, जिसके बाद सारा सच सामने आएगा। ज्ञात हो कि पिछले एक माह में किन्नरों के दोनों गुटों के बीच मारपीट और हमले की यह तीसरी घटना है, जिससे शहर में तनाव बना हुआ है।









