इटारसी। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे चिकित्सा जगत और शहर में गहरा शोक व्याप्त है। आज उनका अंतिम संस्कार शांतिधाम में किया गया। आज बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, डॉक्टरों और जनप्रतिनिधियों ने नम आँखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
मेरठ में 31 जुलाई 1962 को जन्मे डॉ. सिंह ने B.Sc., MBBS और MS की उपाधि सेवाग्राम वर्धा से प्राप्त की। वह 1996 में इटारसी आए और यहीं से अपनी सेवाएं शुरू कर दीं। उन्होंने वर्ष 2000 में माता मंदिर अस्पताल की नींव रखी और 2004 तक इसे आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित कर शहर की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा योगदान दिया।
अपने सौम्य, सरल और ईमानदार स्वभाव के कारण डॉ. सिंह शीघ्र ही इटारसी के सबसे विश्वसनीय और लोकप्रिय चिकित्सकों में से एक बन गए। उनकी धर्मपत्नी डॉ. सुनीता सिंह भी प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं, और उनके दोनों सुपुत्र डॉ. अनिकेत सिंह और डॉ. अनमोल सिंह भी चिकित्सा क्षेत्र में उनकी सेवा विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।








