इटारसी। शासकीय कन्या कॉलेज में सोमवार को महाविद्यालयीन टास्क फोर्स के मानसिक स्वास्थ्य क्लब और इनर व्हील क्लब इटारसी के संयुक्त तत्वावधान में महिला सुरक्षा, जागरूकता एवं सशक्तिकरण विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Orange the World – महिलाओं और बच्चियों के लिए एक सुरक्षित, सम्मानपूर्ण और हिंसा-मुक्त दुनिया का निर्माण के अनुरूप छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ताओं के संदेश
टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने छात्राओं से डरने के बजाय संवाद और सहयोग स्थापित करने की अपील की, और बताया कि पुलिस हमेशा उनके साथ है। उप निरीक्षक श्रद्धा राजपूत ने छात्राओं को सशक्तिकरण की बुनियाद बताते हुए विभिन्न कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन नंबरों (112, 1090, 1098) और त्वरित सहायता प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने उत्पीडऩ की स्थिति में चुप न रहने की सलाह दी।
कॉलेज एवं क्लब का दृष्टिकोण प्राचार्य डॉ. आरएस मेहरा ने कहा कि कॉलेज संवेदनशील और आत्मनिर्भर नागरिक तैयार करने का केंद्र है। ऐसी कार्यशालाएं छात्राओं में आत्मविश्वास और समस्या-समाधान की क्षमता बढ़ाती हैं। इनर व्हील क्लब अध्यक्ष श्रीमती सविता साहू ने कहा कि समाज में समानता, सम्मान और संवेदनशीलता का वातावरण तैयार होने पर ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
संचालक डॉ. शिरीष परसाइ ने कहा कि आत्मरक्षा, आत्मसम्मान और कानूनी जागरूकता का संयोजन ही वास्तविक सशक्तिकरण है। कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया और महिला सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य तथा कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनसीसी प्रभारी श्रीमती पूनम साहू और एनएसएस प्रभारी डॉ. भावना यादव का विशेष सहयोग रहा।









