इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी में उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण ‘ब्यूटी पार्लर में रोजगार का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय भाषण में डॉ. राकेश मेहता ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, ‘विद्यार्थी खुद तय करें उड़ान के लिए, ऊंचाई आसमान की और जिस क्षेत्र में जुनून हो, उसी में कैरियर चुनें। उन्होंने नई शिक्षा नीति में लर्निंग आधारित शिक्षा के साथ आउटपुट पर जोर देने की बात कही।
यह 28 दिवसीय प्रशिक्षण ब्यूटी पार्लर कोर्स से जुड़ी सभी बारीकियों से छात्राओं को प्रशिक्षित करेगा। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी तथा ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह प्रशिक्षण स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क है। प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु ब्यूटी पार्लर संचालक श्रीमती सविता जैन एवं डॉ. सबा खान आमंत्रित थीं।
श्रीमती सविता जैन ने प्रशिक्षण की रूपरेखा की जानकारी दी, वहीं नेचरोपैथी तथा स्किन एस्थेटिक स्पेशलिस्ट डॉ. सबा खान ने कहा कि व्यक्ति के बाल और चर्म उसकी सुंदरता के धरोहर हैं, जिन्हें आज के दौर में उपलब्ध सौंदर्य प्रसाधन और तकनीकी से संवारना हमारी जिम्मेदारी बनती है।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अर्चना शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण मुख्यमंत्री की सीखो कमाओ योजना के अनुरूप है और यह छात्राओं को स्वरोजगार प्राप्त करने में सहायक होगा। संचालन डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने तथा आभार प्रदर्शन वाणिज्य विभाग के अतिथि विद्वान तथा प्रशिक्षण के सह-समन्वयक डॉ. एकता मालोनिया ने की। प्रशिक्षण के पहले दिन 150 से अधिक छात्राओं ने पंजीकरण कर इसमें भाग लिया।









