इटारसी। जीनियस प्लानेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेल उत्सव ऊर्जा स्पिरिट 2025 का समापन हुआ। खेल भावना और उत्साह से भरे इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के अंत में अनुशासन और खेल प्रदर्शन के आधार पर प्लेटिनम हाउस को विजेता हाउस घोषित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, डॉ. नीरज जैन अध्यक्ष, एमजीएम कॉलेज जनभागीदारी समिति, रफतजहां सिद्दीकी नेता प्रतिपक्ष, कन्हैया गोस्वामी नगर कांग्रेस अध्यक्ष, और राजस्व सभापति राकेश जाधव, बार एसोसिएशन सचिव पारस जैन, लायंस क्लब इटारसी के सदस्य और स्कूल के संरक्षक मो. यूनुस सिद्दीकी ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मार्च पास्ट और मशाल के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित पुष्प गुच्छों से स्वागत के साथ हुआ। स्कूल के चारों हाउस सिल्वर, गोल्ड, प्लेटिनम और डायमंड के कैप्टन्स और हेड बॉय-हेड गर्ल ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मार्च पास्ट की सलामी के बाद खेल मशाल प्रज्वलित की गई और खेल भावना की शपथ ली गई।
रोमांचक मुकाबले और मैडल की बौछार
समापन दिवस का मुख्य आकर्षण बैंड टीम और कराटे के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के बीच फाइनल मुकाबले हुए, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर रेस, रिले रेस, सेक रेस और स्लो साइकिलिंग। विजेताओं को तत्काल गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए।
अनुशासन और टीम वर्क की जीत
स्कूल डायरेक्टर मो. जाफर सिद्दीकी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। प्राचार्य मनीता सिद्दीकी ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में स्कूल के खेल शिक्षकों और समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।









