नर्मदापुरम। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन, संग्रहण और निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में एक स्कूटी सहित भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जब्त सामग्री का विवरण
जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर ने बताया कि टीम ने 48 पाव विदेशी व्हिस्की, 120 पाव देशी शराब, और 12 लीटर हाथ भट्टी की बनी मदिरा जब्त की। इसके साथ ही, अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक दोपहिया वाहन (स्कूटी) भी जब्त की गई है। जब्त की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1,09,560 रुपये है। आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 5 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

कार्रवाई का क्षेत्र और टीम
यह कार्रवाई नर्मदापुरम शहर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे माखन नगर रोड, धनाबाड़, मालाखेड़ी, कोठी बाजार और न्यास कॉलोनी में की गई। इस सफल अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक केके पडरिया, हितेश विशोरिया, सोनाली डाबर, मुख्य आरक्षक रघुवीर निमोड़ा, डीपी मांझी, आरक्षक धर्मेंद्र बारांगे, गणपति बोबड़े और भावना यादव का सराहनीय योगदान रहा।









