इटारसी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया। जबलपुर स्थित उमंग भवन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के महामंत्री अशोक शर्मा ने किया।
समारोह के दौरान संगठन की ओर से महाप्रबंधक को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए। महामंत्री अशोक शर्मा ने उनके उत्कृष्ट कार्यकाल, कुशल कार्यशैली और रेलवे के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जोन ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने जीएम के जीवन के गौरवशाली सफर को साझा कर उपस्थित जनसमूह को गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं द्वारा प्रस्तुत विशेष नृत्य नाटिका ‘शोभना हूं’ रही। महाप्रबंधक के सम्मान में तैयार इस प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और माहौल को भावुक कर दिया।
विदाई उद्बोधन में महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने डब्लूसीआरएमएस को तिरंगा संगठन बताते हुए कहा, यह संगठन हर समय रेल कर्मचारियों के हितों के लिए अडिग रहता है। महामंत्री अशोक शर्मा के माध्यम से पूरे जबलपुर जोन और भारतीय रेलवे में कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाता रहा है। विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों के प्रति इस संगठन की प्रतिबद्धता सराहनीय है। इस अवसर पर जबलपुर जोन के सभी वरिष्ठ जोनल रेलवे अधिकारी, जोन भर से आईं महिला प्रतिनिधि और मंडल नेतृत्व के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उक्त जानकारी मंडल संगठक प्रीतम तिवारी ने प्रदान की है।









