इटारसी। नगरपालिका परिषद के विशेष अभियान ‘जहां नागरिक, वहीं नगरपालिका’ के अंतर्गत शुक्रवार को वार्ड 19 कृष्णा आईटीआई के पास में समस्या निवारण शिविर लगाया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर में नागरिकों ने 24 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं। शिविर में कॉलोनीवासियों ने खाली प्लॉटों पर शराबियों का जमावड़ा और अवैध कॉलोनी निर्माण, खराब सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइटें, क्षतिग्रस्त पुलिया और कच्ची नालियां, आईटीआई क्षेत्र में पानी की किल्लत और नियमित साफ-सफाई का अभाव जैसी समस्याएं बताईं।
जनसुनवाई के दौरान नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा दिया और सख्त रुख अपनाते हुए स्वप्नेश्वर मंदिर के पास अवैध कॉलोनी काटने पर काकाणी बिल्डर्स के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराने के निर्देश एई मीनाक्षी चौधरी को दिए। खाली प्लॉटों में गंदगी मिलने पर संबंधित मालिकों को नोटिस जारी करने को कहा। ज्वेल जिम वाली गली में नाली निर्माण की तत्काल स्वीकृति दी और पार्कों के सौंदर्यीकरण का आश्वासन दिया।









