इटारसी। ग्राम बारधा रैयत में आज एक ग्राम सभा में वन विभाग के एक रेंजर पर स्थानीय युवक को शारीरिक रूप से प्रताडि़त करने का गंभीर आरोप लगाया गया। ग्रामवासियों ने इस घटना के विरोध में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, 26 तारीख को वन विभाग के रेंजर अमित सिंह चौहान और उनकी टीम ने ग्राम के युवक अजय लाविस्कर कोरकू (पिता भजनलाल) को एक दुकान से उठाया। आरोप है कि टीम अजय को हिरणचापड़ा स्थित अपने कार्यालय ले गई, जहां उन्हें एक कमरे में बंद कर 100 बार उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया। अजय लाविस्कर के अनुसार, वे एक गंभीर बीमारी से ग्रसित होने के कारण दंड-बैठक नहीं लगा पाए, जिस पर रेंजर अमित चौहान ने गुस्से में आकर उन्हें बुरी तरह मारा-पीटा और अभद्र गालियां दीं। मारपीट से अजय के शरीर से खून आने लगा। ग्राम सभा के मुताबिक, रेंजर और उनकी टीम ने बाद में अजय को गाली-गलौज करते हुए रास्ते पर छोड़ा और उन्हें गांव छोडऩे की धमकी भी दी।
ग्राम सभा में ढाई सौ से अधिक लोग हुए शामिल
इस अमानवीय घटना के विरोध में आज ग्राम बारधा रैयत में एक विशाल ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 250 से अधिक ग्रामीण, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, उपस्थित हुए। सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रताडि़त करने वाले रेंजर पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्राम सभा के अध्यक्ष राम प्रसाद बारस्कर जी ने बताया कि ग्राम सभा के निर्णय की प्रतिलिपि कलेक्टर सोनिया मीणा को भेजी गई है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी रेंजर पर जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो वे सभी मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान कोरकू समाज के अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद नागले, प्रदेश संयोजक दुर्गेश धुर्वे, जनपद अध्यक्ष गंगाराम कलमे, और सरपंच गुलाब सिंह बारस्कर समेत कई गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण मौजूद रहे।









