इटारसी। अवैध लकड़ी के परिवहन और संग्रहण पर नकेल कसने के लिए सामान्य वनमंडल के वन विभाग की टीम ने इटारसी और सुखतवा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। अनियमितताएं पाए जाने पर तीन फर्नीचर मार्ट को सील कर दिया गया है। सीसीएफ अशोक कुमार के दिशा निर्देशन में और डीएफओ मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओ मानसिंह मरावी ने किया।
वन विभाग की टीम ने फर्नीचर की दुकानों में अवैध लकडिय़ों के परिवहन/संग्रहण की जांच की। जुझारपुर (इटारसी वन परिक्षेत्र) में तिवारी फर्नीचर मार्ट में जांच के दौरान दुकान में फर्नीचर मार्ट का रिकॉर्ड संधारित नहीं पाया गया। अनियमितता पाए जाने पर दुकान को सील कर दिया गया है। सुखतवा रेंज में केसला और आसपास का क्षेत्र में सत्यम शिवम् सुंदरम फर्नीचर मार्ट, केसला और शिवा फर्नीचर मार्ट, केसला में निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक से मौके पर मौजूद सागौन काष्ठ (लकड़ी) के लेखा-जोखा में भिन्नता पाई गई।
वन मंडल अधिकारी, नर्मदापुरम के आदेश के तहत दोनों फर्नीचर मार्ट को सील बंद कर दिया गया। सामान्य वन मंडल के एसडीओ मानसिंह मरावी ने बताया कि: वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वन विभाग की टीम द्वारा फर्नीचर दुकानों का निरीक्षण एवं जांच लगातार जारी है। जहां भी अनियमितताएं पाई जा रही हैं, उन दुकानों को सील कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








