इटारसी। तवा बैक वाटर के संवेदनशील वन क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और जुताई के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान, वन क्षेत्र की सीमा पर अवैध रूप से खेत बनाकर जुताई कर रहे एक ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान हुई कार्रवाई
मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम, वनमंडलाधिकारी नर्मदापुरम और वन परिक्षेत्र अधिकारी इटारसी क्षेत्र के प्रवास पर थे। इसी दौरान, तवानगर-चीचा मार्ग पर स्थित चीचा वन क्षेत्र की सीमा और तवा बैक वाटर के किनारे अवैध जुताई होते पाई गई। वरिष्ठ अधिकारियों के तत्काल निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने हरे रंग का ट्रैक्टर को रोका और जब्त कर लिया। वन अधिनियम के तहत दर्ज हुआ प्रकरण ट्रैक्टर चालक की पहचान सोहनलाल पिता भोलेराम, निवासी नया चीचा के रूप में हुई। मौके पर पूछताछ के दौरान चालक ने यह स्वीकार किया कि यह जमीन उसकी नहीं है।
जब्त किए गए ट्रैक्टर को वन विभाग की टीम द्वारा वन चौकी बागदेव ले जाया गया है। इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी, तवानगर को लिखित सूचना दे दी गई है और वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या जुताई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









