इटारसी। मुस्कान संस्था में स्वर्गीय सरताज सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. शर्मा उपस्थित रहे। विधायक डॉ. शर्मा एवं संस्था के पदाधिकारियों ने स्वर्गीय सरताज सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. शर्मा ने सरताज सिंह के जीवन और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सरताज सिंह का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। मुस्कान संस्था के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने बताया कि सरताज सिंह हमेशा वंचितों और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनके जन्मदिन के अवसर पर संस्था द्वारा विभिन्न सामाजिक कार्य किए गए, जिसमें बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरण और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना शामिल है।
इस अवसर पर संस्था के सभी सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, गुरुसिंह सभा अध्यक्ष जसवीर सिंह छाबड़ा, टीटू सलूजा, सत्येन्द्रपाल सिंह जग्गी, सरताज सिंह के छोटे भाई सुरेंद्र सिंह छतवाल सहित उनके परिवार और पंजाबी समाज के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।









