इटारसी। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत शासकीय एमजीएम महाविद्यालय में टेली कोर्स एवं कुकिंग व बेकिंग के अल्पकालिक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 22 जनवरी तक चलेगा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाना है।
कुकिंग, केवल कौशल नहीं, एक साधना
प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कहा कि भोजन जब भावनाओं और रुचि के साथ पकाया जाता है, तभी वह स्वास्थ्यकर होता है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए बताया कि इंटर्नशिप और कौशल विकास अब पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा हैं, जो छात्रों में पंछी की तरह आसमान चीरने का आत्मविश्वास भरते हैं।
विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन
कुकिंग एवं बेकिंग : प्रशिक्षिका श्रीमती सुरजीत बवेजा आगामी 25 दिनों की कार्ययोजना के तहत पाक कला के गुर सिखाएंगी। सह-समन्वयक डॉ. अर्चना शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी के दौर में पारंपरिक पाक कला का महत्व और बढ़ गया है।
टेली प्रशिक्षण : विशेषज्ञ धर्मेंद्र साहू छात्रों को आधुनिक वित्तीय प्रबंधन और टेली की उपयोगिता समझाएंगे। सह-समन्वयक डॉ. मनीष कुमार चौरे ने विभिन्न क्षेत्रों में इस कोर्स के लाभ बताए।
बहुआयामी प्रशिक्षण केंद्र
कैरियर प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि महाविद्यालय में केवल टेली और कुकिंग ही नहीं, बल्कि सिलाई, ब्यूटी पार्लर और कंप्यूटर आधारभूत ज्ञान जैसे अन्य इंटर्नशिप प्रोग्राम भी संचालित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. ओपी शर्मा, डॉ. मुकेश कुमार सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ।









