इटारसी। न्यास कॉलोनी क्षेत्र में कचरे के ढेर में लगाई गई आग ने स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। साईं मंदिर के पीछे और बायपास किनारे डंप किए जा रहे कचरे में बीती रात अज्ञात तत्वों या कथित रूप से कर्मचारियों द्वारा आग लगा दी गई, जिसका जहरीला धुआं घरों में घुस रहा था। धुएं के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को हो रही थी।
वार्ड 17 के पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक साहू ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कचरा डंपिंग और आग लगाने की इस प्रक्रिया को तुरंत नहीं रोका गया, तो वे रहवासियों के साथ मिलकर नगर पालिका अधिकारियों का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।









