इटारसी। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसला में तीन दिवसीय गीता जयंती समारोह का समापन उत्साहपूर्ण व गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 425 विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भगवद्गीता के पन्द्रहवें अध्याय का पारायण अनुशासन, भक्ति और एकाग्रता के साथ किया गया। संचालन विद्यालय की छात्रा कुमारी ट्विंकल बान्से ने प्रभावशाली और संयमित तरीके से किया।
समारोह में रामजीवन सिंह ने गीता के महत्व संदेश एवं जीवन में उसके व्यवहारिक प्रयोग पर प्रकाश डाला। प्राचार्य गजेन्द्र गौर ने गीता जयंती के उद्देश्य, आध्यात्मिकता एवं विद्यार्थियों के जीवन में उसके सकारात्मक प्रभाव को विद्यार्थियों के समक्ष प्रेरक शैली में प्रस्तुत किया। लीला तायड़े ने बच्चों के लिए सरल एवं सहज भाषा में गीता का सार समझाया, जिससे विद्यार्थियों में गीता के प्रति समझ और रुचि और अधिक बढ़ी। इस आयोजन में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और सफल आयोजन में अपना पूरा योगदान दिया। अंत में मंगल गीत और प्रसाद वितरण के साथ तीन दिवसीय गीता जयंती समारोह का विधिवत समापन किया गया।









