नपाध्यक्ष, सभापति, कालेज स्टाफ और सामाजिक संगठनों ने किया उत्साहवर्धन
इटारसी। नगर पालिका परिषद द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में आज शासकीय कन्या महाविद्यालय परिवार ने भी अपना सहयोग प्रदान किया। कॉलेज के स्टाफ, छात्राओं ने आज सतरस्ते पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा की सफाई, धुलाई करके परिसर को भी साफ किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे, स्वास्थ्य समिति के सभापति राकेश जाधव और सभापति मनजीत कलोसिया, कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य आरएस मेहरा, नर्मदांचल ग्रुप से सुश्री मंजू ठाकुर व अन्य ने एनसीसी व एनएसएस की छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्राचार्य डॉ. आरएस मेहरा के नेतृत्व में ऐतिहासिक प्रतिमाओं की स्वच्छता शुरुआत की जिसमें सर्वप्रथम न्यास कॉलोनी सतरस्ता पर सरदार वल्लभभाई की प्रतिमा की सफाई एवं धुलाई की। इस दौरान छात्राओं के सहयोग से स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय छात्रों ने संकल्प लिया इटारसी नगर में स्थित सभी प्रतिमाओं की सफाई महाविद्यालय की एनसीसी एवं छात्राएं प्रति सोमवार एवं शनिवार को करेंगे एवं इटारसी के नागरिकों को इस कार्य हेतु प्रेरित करेंगे। सभापति स्वास्थ्य समिति के सभापति राकेश यादव ने भी महाविद्यालय के संकल्प की सराहना की। इस अवसर पर स्वच्छता विभाग से कमलकांत और जगदीश पटेल, कन्या महाविद्यालय से अमित कुमार, डॉ. संजय आर्य, स्नेहान्सु सिंह, श्रीमती पूनम साहू, रविंद्र चौरसिया डॉ. शिरीष परसाई, डॉ. श्रद्धा जैन, डॉ. शिखा गुप्ता, क्षमा वर्मा, प्रिया कलोसिया, रश्मि मेहरा एवं छात्राएं उपस्थित थीं।







