इटारसी। शासकीय एमजीएम कालेज की राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयं सेविकाओं ने सामाजिक सरोकारों और आधुनिक डिजिटल चुनौतियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। दिन की शुरुआत ऊर्जावान प्रभात फेरी और योगाभ्यास के साथ हुई, जिसके बाद छात्राओं ने ग्राम संपर्क अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया।
सामाजिक बुराइयों पर कड़ा प्रहार
ग्राम संपर्क के दौरान स्वयंसेविकाओं ने साइबर क्राइम और दहेज प्रथा जैसे गंभीर विषयों पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से समाज में व्याप्त इन कुरीतियों के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। नाटक में विराज नामदेव, पायल राजपूत, अनुश्री यादव, जया तिवारी, पलक चौरे, पलक चौधरी, नीलम यहके, दुर्गा चौरे, पूजा कैथवास, दुर्गेश्वरी मोरे, मुस्कान दीक्षित, सोनिया दीक्षित, अदिति राजपूत, अंजलि मंडलेकर, कीर्तिका वर्मा, रजनी अहिरवार, कुमकुम मालवीय, इक्षिता राजोरिया, शिवानी बामने एवं मुस्कान चौधरी ने अपने जीवंत अभिनय से ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता रैली
छात्राओं ने गांव में नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को सुरक्षित जीवन और व्यसन मुक्त समाज का संदेश दिया। साथ ही, घर-घर जाकर व्यक्तिगत सर्वे किया गया, जिसमें ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के लाभ और उनकी जमीनी हकीकत पर विस्तृत चर्चा की गई। इस गतिविधि को कार्यक्रम सदस्य डॉ. एकता मालोनिया, सुश्री मौलश्री बावरिया, डॉ. जयश्री बाथम एवं श्रीमती ज्योति दीवान के मार्गदर्शन में संपन्न किया गया।
बौद्धिक परिचर्चा : डिजिटल एरा और भविष्य
दोपहर के सत्र में प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन हुआ। डिजिटल ट्री प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सुशांत नारायण ने डिजिटल एरा पर अपना व्याख्यान देते हुए छात्राओं को करियर में डिजिटल तकनीक की भूमिका और डिजिटल स्क्रीन के प्रभाव के बारे में विस्तार से समझाया। इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. ओपी शर्मा ने युवा पीढ़ी को डिजिटल उपकरणों के सावधानीपूर्वक उपयोग की सलाह दी। वहीं, डॉ. एकता मालोनिया ने कॉलेज चलो अभियान पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
खेलकूद और सांस्कृतिक संध्या
दिन के अंतिम चरण में छात्राओं ने खेलकूद और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लक्ष्मी ठाकुर ने सभी अतिथियों और स्वयंसेविकाओं का आभार व्यक्त करते हुए दिन की गतिविधियों के सफल संचालन की सराहना की।










